बगावत करने वालों पर भाजपा का सख्त एक्शन, चार नेता निलंबित

 


शिमला, 10 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज और नगर निकाय चुनावों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी लाइन से अलग जाकर चुनाव लड़ने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने सोलन नगर निगम चुनाव में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरने वाले चार कार्यकर्ताओं की प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी है।

भाजपा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनाव के लिए गठित अनुशासन समिति ने जिला और मंडल स्तर से मिली शिकायतों पर विस्तार से चर्चा की। समिति ने माना कि पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ना अनुशासनहीनता का गंभीर मामला है। इसके बाद समिति ने संबंधित नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश प्रदेश नेतृत्व को भेजी।

अनुशासन समिति की सिफारिश के आधार पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कार्रवाई करते हुए नगर निगम सोलन के वार्ड नंबर-3 से गौरव राजपूत और रजनी राजपूत को निलंबित कर दिया। गौरव राजपूत भाजपा आईटी विभाग में मंडल सह-प्रभारी के पद पर थे, जबकि रजनी राजपूत महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हैं।

इसके अलावा वार्ड नंबर-7 से रामपाल और मुकेश वर्मा के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए उनकी प्राथमिक सदस्यता निलंबित कर दी गई है।

भाजपा नेताओं का कहना है कि पार्टी अनुशासन के मामलों में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। पार्टी ने साफ संकेत दिए हैं कि अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने या संगठन विरोधी गतिविधियों में शामिल होने वालों पर आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रदेश भाजपा के अनुसार नगर निकाय और पंचायत चुनावों में संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखना पार्टी की प्राथमिकता है, ताकि चुनाव में अधिकृत उम्मीदवारों को नुकसान न पहुंचे और कार्यकर्ताओं के बीच स्पष्ट संदेश जाए कि पार्टी विरोधी गतिविधियां स्वीकार नहीं की जाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा