विजय पब्लिक पाठशाला पैड़ी के सगे भाई बहन विद्यार्थी बने टीजीटी

 


मंडी, 21 अप्रैल (हि.स.)। विजय पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पैड़ी के विद्यार्थी रहे तीन उम्मीदवार जो सगे भाई बहन व गरीब परिवार से हैं में से दो का चयन टीजीटी पद के लिए हुआ है। जबकि एक पहले से ही नर्सिंग आफिसर के पद पर कार्यरत है। पाठशाला की चेयरमैन मनोरमा गुलेरिया ने बताया कि विद्यालय के तीन होनहार विद्यार्थियों सुरभि राणा, कनिका राणा व शिवम राणा ने अपनी मेहनत व लगन से महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उनके अनुसार सुरभि राणा पहले से ही नर्सिंग आफिसर के पद पर कार्यरत है वहीं, कनिका राणा का चयन टीजीटी(मेडिकल) पद पर हुआ है और शिवम राणा का चयन टीजीटी (नॉन-मेडिकल) पद पर हुआ है। इनकी इस शानदार सफलता से विद्यालय और पूरे पैड़ी क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य लेख राम नरवाल तथा स्कूल प्रबंधन ने सभी विद्यार्थियों को उनकी इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी। प्रधानाचार्य ने बताया कि इन विद्यार्थियों ने एक साधारण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से उठकर यह मुकाम हासिल किया है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। विद्यालय के चेयरमैन मनोरमा गुलेरिया ने भी बच्चों की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा इन विद्यार्थियों का हरसंभव सहयोग किया है और आगे भी ऐसे प्रतिभाशाली छात्रों को प्रोत्साहित करते रहेंगे। यह उपलब्धि न केवल परिवार बल्कि पूरे विद्यालय और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा