पीटीएफ की चेतावनी: न्यू कलस्टर सिस्टम वापिस लो वर्ना भुगतना पड़ेगा खामियाजा
मंडी, 11 अक्टूबर (हि.स.)। प्रदेश सरकार द्वारा न्यू कलस्टर सिस्टम वापिस न लेने पर प्राथमिक शिक्षकों के सब्र का बांध टूट गया है। प्राथमिक शिक्षकों ने प्रदेश सरकार को चेतावनी हुए कहा है कि अगर न्यू कलस्टर सिस्टम को यथाशीघ्र वापिस नहीं लिया गया, तो सरकार को इसके गंभीर परिणाम भुगतना पड़ेंगे।
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ करसोग-2 की विशेष बैठक खंड प्रधान खजान सिंह की अध्यक्षता में हुई। जिसमें खंड के शिक्षकों ने न्यू कलस्टर सिस्टम का जमकर विरोध किया। इस मौके पर प्रधान खजान सिंह सहित कांति भूषण पाल, हुमेश शर्मा व दीप वर्मा ने एक स्वर में कहा कि जब से प्रदेश में न्यू कलस्टर सिस्टम लागू किया गया है तब से प्राथमिक शिक्षा का बेड़ा गर्क हो गया है।
उन्होंने कहा कि कुछ चुनिंदा चाटुकार लोगों द्वारा सरकार को गुमराह किया जा रहा है कि न्यू कलस्टर सिस्टम के लागू होने से शिक्षा का स्तर सुधर रहा है लेकिन जमीनी हकीकत में देखा जाए तो न्यू कलस्टर सिस्टम से प्राथमिक शिक्षा का स्तर दिन प्रतिदिन नीचे गिर रहा है।
उन्होंने प्रदेश सरकार से पुरजोर मांग उठाई है कि प्राथमिक शिक्षा को खत्म होने से बचाने के लिए प्राथमिक शिक्षक संघ को विश्वास में लेकर न्यू कलस्टर सिस्टम को यथाशीघ्र वापिस लिया जाए अन्यथा प्राथमिक शिक्षा का ढांचा पूरी तरह तहस-नहस हो जाएगा, जिसके लिए प्रदेश सरकार पूरी तरह जिम्मेवार होगी।
उन्होंने चेतावनी हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने समय रहते नयू कलस्टर सिस्टम को वापिस न लिया तो सरकार को भविष्य में गंभीर परिणाम भुगतना पड़ेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा