प्री-प्राइमरी से प्लस टू तक: सीबीएसई से नोटिफाई पीएम श्री स्कूल पांगणा

 


मंडी, 27 मार्च (हि.स.)। मंडी जिला के पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पांगणा में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया पहली अप्रैल 2026 से प्रारंभ होने जा रही है। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय पहले ही सीबीएसई बोर्ड में नोटिफाई हो चुका है, जिससे विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा और बेहतर सुविधाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि अब राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला पांगणा प्राइमरी स्कूल भी इस विद्यालय का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। इस प्रकार अब प्री-प्राइमरी से लेकर प्लस टू तक की शिक्षा उपलब्ध होगी, जिससे विद्यार्थियों और अभिभावकों को काफी सुविधा मिलेगी।

प्रधानाचार्य ने आगे कहा कि एक अप्रैल से न केवल एडमिशन प्रक्रिया शुरू होगी, बल्कि उसी दिन से नियमित कक्षाएं भी प्रारंभ कर दी जाएंगी। विद्यालय को पहले ही पीएम श्री का दर्जा प्राप्त है और सीबीएसई से संबद्ध होने के बाद विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे।

विद्यालय में प्री-प्राइमरी से प्लस टू तक अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा उपलब्ध करवाई जा रही है। कक्षा 6वीं से 10वीं तक विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें भी प्रदान की जाती हैं। कक्षा 8वीं तक मध्याह्न भोजन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

विद्यालय में आईसीटी लैब, स्मार्ट क्लासरूम, सुसज्जित कंप्यूटर लैब तथा एग्रीकल्चर और रिटेल से संबंधित वोकेशनल लैब की सुविधा उपलब्ध है। साथ ही भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान के लिए आधुनिक प्रयोगशालाएं भी स्थापित की गई हैं। छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए डिजिटल पुस्तकालय, खेल मैदान, एनएसएस, इको क्लब, रोड सेफ्टी क्लब तथा स्काउट-गाइड जैसी गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए एग्रीकल्चर, रिटेल और ऑटोमोटिव में व्यावसायिक शिक्षा (वैकल्पिक विषय) भी उपलब्ध है, जिसमें इंटर्नशिप और प्रैक्टिकल ट्रेनिंग के अवसर दिए जाते हैं।

व्यावसायिक शिक्षा से जुड़े विद्यार्थियों को 1000रूपए प्रति माह कौशल विकास भत्ता भी प्रदान किया जाता है।

इसके अतिरिक्त अटल टिंकरिंग लैब, रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर विशेष कक्षाएं, करियर काउंसिलिंग, शैक्षणिक भ्रमण तथा सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन भी नियमित रूप से किया जाता है।

विद्यालय परिसर पूरी तरह सीसीटीवी निगरानी में है तथा बालिकाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण की विशेष व्यवस्था की गई है। साथ ही विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाएं भी विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध हैं।

प्रधानाचार्य ने अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए समय रहते विद्यालय में प्रवेश सुनिश्चित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा