खेल और शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू रहा हिमाचल : रोहित ठाकुर
नाहन, 13 जुलाई (हि.स.)। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान की उपस्थिति में पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शिलाई में छात्रा कबड्डी खेल छात्रावास का लोकार्पण किया। उद्योग मंत्री तथा शिक्षा मंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इससे पूर्व उद्योग मंत्री और शिक्षा मंत्री के शिलाई पहुंचने पर क्षेत्रवासियों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ बड़ी गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने छात्रा कबड्डी खेल छात्रावास के लोकार्पण पर क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि इस छात्रावास के आरंभ होने से क्षेत्र की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को शिलाई में ही बेहतर प्रशिक्षण एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा वे अपनी खेल प्रतिभा को और निखार सकेंगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के अनेक खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि यह गर्व का विषय है कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र की चार बेटियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की कबड्डी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्रवासियों को छात्रा कबड्डी खेल छात्रावास के लोकार्पण की बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज शिलाई खेल छात्रावास का उद्घाटन सिरमौर की गौरवशाली कबड्डी परंपरा को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक अवसर है। रितु नेगी, पुष्पा नेगी, प्रियंका नेगी, साक्षी शर्मा सहित अनेक बेटियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश एवं भारत का गौरव बढ़ाया है। यह छात्रावास इस क्षेत्र से भविष्य में प्रदेश को और अधिक उत्कृष्ट खिलाड़ी प्रदान करेगा। प्रदेश के सभी खेल छात्रावासों में आधुनिक खेल उपकरण, भवनों के नवीनीकरण एवं खिलाड़ियों की आवासीय सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर व्यापक कार्य किया जा रहा है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि खेल भी शिक्षा का एक महत्वपूर्ण स्वरूप है। जिस प्रकार विद्यार्थी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं, उसी प्रकार खिलाड़ियों को भी निरंतर अभ्यास और समर्पण के साथ खेलों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रयासरत रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सुविधाएं प्रदान करने के लिए कृतसंकल्प है। राज्य सरकार ने अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक विजेताओं के लिए नकद पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक वृद्धि की है। उन्होंने बताया कि ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों में स्वर्ण पदक विजेताओं को 5 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेताओं को 3 करोड़ रुपये तथा कांस्य पदक विजेताओं को 2 करोड़ रुपये प्रदान किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर