शिक्षा विभाग में लिपिक पदोन्नति के लिए अंतिम वरिष्ठता सूची जारी

 

शिमला, 18 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की क्लर्क/जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) पद पर पदोन्नति को लेकर अंतिम वरिष्ठता सूची जारी कर दी गई है। उच्च शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में सभी उपनिदेशकों को निर्देश जारी किए हैं। इस सूची में उन पात्र एवं इच्छुक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को शामिल किया गया है, जिन्होंने 31 दिसंबर 2024 तक नियमित सेवा के पांच वर्ष पूरे कर लिए हैं।

निदेशालय की ओर से 31 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में अस्थायी वरिष्ठता सूची जारी की गई थी। इसके बाद संबंधित उपनिदेशकों से कर्मचारियों की ओर से प्राप्त आपत्तियों और नामों में संशोधन, जोडऩे व हटाने से जुड़े प्रस्ताव मांगे गए थे। प्राप्त आपत्तियों पर विचार करने के बाद विभाग ने अंतिम वरिष्ठता सूची को मंजूरी दे दी है।

निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि अंतिम वरिष्ठता सूची जारी होने के बाद सामान्य तौर पर किसी तरह की आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। हालांकि, सूची में किसी प्रकार की लिपिकीय त्रुटि या नाम छूटने जैसी गलती होने पर संबंधित कर्मचारी पत्र जारी होने की तारीख से 10 दिनों के भीतर निदेशक उच्च शिक्षा के कार्यालय को इसकी जानकारी दे सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा