निजी स्कूल छोड़ सरकारी स्कूलों में दाखिला ले रहे छात्र
मंडी, 16 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश भर में निजी स्कूलों को छोड़ विद्यार्थी अब सरकारी स्कूलों में दाखिला ले रहे हैं। प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से मान्यता करवाने के बाद सरकारी स्कूलों में रिकॉर्ड तोड़ दाखिला हो रहा है। मंडी जिला की सीबीएसई से मान्यता प्राप्त पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौंतड़ा में प्रवेश प्रक्रिया चली हुई है और अब तक 585 विद्याथियों ने दाखिला ले लिया है, जिसमें 100 से अधिक छात्र व छात्राएं शामिल हैं, जिन्होंने निजी स्कूलों को अलविदा कहकर चौंतड़ा स्कूल को चुना है।
बता दें कि चौंतड़ा स्कूल के होनहार शिक्षा के अलावा खेल के क्षेत्र में भी राष्ट्रीय स्तर पर परचम लहरा रहे हैं। अब सीबीएसई की मान्यता मिलने के बाद चौंतड़ा स्कूल में रोजाना अनेक होनहार दाखिला ले रहे हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य वीरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि 16 अप्रैल तक 585 बच्चों ने अपना एडमिशन ले लिया है, जिसमें 100 से अधिक बच्चे निजी स्कूलों को छोड़ कर आए हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल में पिछले साल की अपेक्षा छात्र संख्या में वृद्धि दर्ज की गई
।उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि जल्द से जल्द अपने बच्चों को सीबीएसई से मान्यता
प्राप्त पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौंतड़ा में प्रवेश लें क्योंकि छात्रों की हर कक्षा में 80 की संख्या है । उन्होंने बताया की सत्र 2026-27 में नर्सरी कक्षा से लेकर जमा दो तक हिंदी और इंग्लिश दोनों मीडियम में पढ़ाई मुहैया करवाई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा