एडमिशन जागरूकता अभियान: प्रधानाचार्य संजय कुमार ने खुद संभाला मोर्चा

 


मंडी, 02 अप्रैल (हि.स.)। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पांगणा की टीम प्रधानाचार्य संजय कुमार के नेतृत्व में घर-घर जाकर प्रचार-प्रसार कर रही है, ताकि अधिक से अधिक अभिभावकों तक विद्यालय की उत्कृष्ट सुविधाओं की जानकारी पहुंच सके। प्रधानाचार्य संजय कुमार ने बताया कि इस वर्ष विद्यालय सीबीएसई से नोटिफाई हुआ है तथा पहले से ही पीएम श्री विद्यालय का दर्जा प्राप्त है। इसके साथ ही, इस सत्र से प्राइमरी स्कूल भी इसी परिसर का हिस्सा बन गया है, जिससे अब प्री-प्राइमरी से प्लस टू तक एक ही स्थान पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी।

प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। प्री-प्राइमरी से प्लस टू तक अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा दी जा रही है तथा क्लास ऑन ऐप के माध्यम से सभी शैक्षणिक जानकारी सुलभ है। कक्षा 6वीं से 12वीं तक निःशुल्क शिक्षा और 6वीं से 10वीं तक निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें दी जा रही हैं, साथ ही कक्षा 8वीं तक मध्याह्न भोजन की व्यवस्था है। विद्यालय में आईसीटी लैब, स्मार्ट क्लासरूम, कंप्यूटर लैब, वोकेशनल लैब तथा विज्ञान प्रयोगशालाएं उपलब्ध हैं। योग्य शिक्षकों द्वारा नियमित कक्षाएँ संचालित की जाती हैं और विद्यार्थियों के लिए स्मार्ट पुस्तकालय एवं खेल मैदान की भी सुविधा है।

सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में एनएसएस, इको क्लब, स्काउट-गाइड आदि शामिल हैं।

उन्हाेने बताया कि कक्षा 9वीं से 12वीं तक विद्यार्थियों को एग्रीकल्चर, रिटेल एवं ऑटोमोटिव जैसे व्यावसायिक विषयों के साथ इंटर्नशिप एवं प्रैक्टिकल ट्रेनिंग के अवसर भी मिलते हैं। विद्यालय में हैंड्स-ऑन लर्निंग, शैक्षणिक भ्रमण, करियर काउंसिलिंग, सांस्कृतिक गतिविधियाँ तथा रोबोटिक्स एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की कक्षाएँ भी आयोजित की जाती हैं। साथ ही अटल टिंकरिंग लैब,पीएएल लैब एवं उद्यमिता कक्षाएं विद्यार्थियों को आधुनिक कौशल प्रदान करती हैं।

विद्यालय परिसर सीसीटीवी निगरानी में है तथा बालिकाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण भी दिया जाता है। विद्यार्थियों को विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ भी मिलता है।

प्रधानाचार्य ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए इस विद्यालय में प्रवेश दिलाकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ उठाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा