हिमाचल प्रदेश में फिर लगे लगे भूकम्प के झटके, कांगड़ा रहा केंद्र

 




शिमला, 10 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर भूकम्प के झटके लगे हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में बुधवार रात 8 बजकर 4 मिनट पर भूकम्प के हल्के झटके महसूस किए गए। ये झटके कांगड़ा से लेकर जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति तक महसूस हुए। हालांकि भूकंप की तीव्रता कम होने की वजह से किसी तरह के नुकसान की रिपोर्ट नहीं है।

राष्ट्रीय भुकम्प विज्ञान केंद्र के मुताबिक भूकम्प की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.8 रही। इसे कम तीव्रता के भूकम्प की श्रेणी में माना जाता है। भूकम्प का केंद्र कांगड़ा क्षेत्र रहा। झटके कुछ सेकंड तक रहे।

5 दिन के भीतर प्रदेश में दूसरी बार भूकंप के झटके लगे हैं। इससे पहले 5 जून की रात 10 बजकर 5 मिनट पर रिक्टर स्केल पर 5 की तीव्रता का भूकम्प आया था। तब भूकम्प का केंद्र कांगड़ा जिला के मुख्यालय धर्मशाला से 11 किलोमीटर दूरी पर 32.28 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 76.43 डिग्री पूर्वी देशांतर पर रहा और इसकी गहराई जमीन की सतह से पांच किलोमीटर नीचे दर्ज किया गया था। उन झटकों से कई घरों में दरारें गई थीं, लेकिन किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ था। अब एक बार फिर भूकम्प के झटके लगने से लोगों में दहशत का माहौल है।

फिलहाल भूकंप के झटकों के कारण किसी तरह का जान-माल के नुकसान की रिपोर्ट नहीं है, क्योंकि इस बार आये भूकम्प की तीव्रता कम रही। पहले भी राज्य के कई हिस्सों में कई बार कम तीव्रता के भूकम्प के झटके लग चुके हैं। हालांकि इस दौरान किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ था।

हिमाचल प्रदेश में भूकंप का लगातार आना लोगों को दहशत में डाल रहा है। पिछले कई सालों से यहां भूकम्प के झटके लग रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश भूकम्प की दृष्टि से अति संवेदनशील जोन-6 में शामिल है। यहां कई वर्षों से भूकम्प के हल्के झटके महसूस किए जाते रहे हैं। वर्ष 1905 में कांगड़ा व चम्बा जिलों में आये विनाशकारी भूकंप से 10 हज़ार से अधिक लोग मारे गए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा