उद्योग मंत्री ने नाहन में 15 ई-बसों को हरी झंड़ी दिखाकर किया रवाना

 


नाहन, 04 अगस्त (हि.स.)। उद्योग, संसदीय कार्य तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चैहान ने आज बस अड्डा परिसर नाहन में 15 ई-बसों को हरी झंड़ी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ईको-फ्रेंडली आधुनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के लिए प्रदेश में 297 इलेक्ट्रिक बसों को शामिल किया गया है, जिसमें से 25 इलेक्ट्रिक बसें जिला सिरमौर के लिए दी गई है। इससे न केवल राज्य की यातायात प्रणाली को पर्यावरण अनुकूल बनाने में मदद मिलेगी बल्कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सेवा भी सशक्त होगी।

उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बस सेवाओं की मांग को पूर्ण करने के साथ ही लोगों को बेहतर एवं पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि इन बसों के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक चार्जिंग अवसरंचना भी तैयार कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि सिरमौर जिला में ई-बसों के संचालन से यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक एवं प्रदूषण मुक्त यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी। इन बसों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध है तथा इनके संचालन से कार्बन उत्सर्जन भी घटेगा जिससे प्र्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक सुलभ, विश्वसनीय एवं पर्यावरण अनुकूल बनाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर