मॉल रोड डक्ट प्रोजेक्ट जनता के पैसे की बर्बादी, सरकार जारी करे श्वेत पत्र : भाजपा

 


शिमला, 29 मार्च (हि.स.)। विपक्षी दल भाजपा ने शिमला के मॉल रोड पर बन रहे डक्ट प्रोजेक्ट को लेकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर सवाल उठाए हैं। प्रदेश भाजपा संदीपनी भारद्वाज ने कहा है कि यह परियोजना अब जनता के पैसे की खुली बर्बादी का उदाहरण बनती जा रही है और इसकी अनुमानित लागत 250 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। उन्होंने इस प्रोजेक्ट के निर्माण को लेकर सरकार से श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है।

संदीपनी भारद्वाज ने रविवार को एक बयान में कहा कि इतने बड़े प्रोजेक्ट को शुरू करने से पहले इसकी वास्तविक जरूरत का सही आकलन नहीं किया गया और न ही इससे जनता को होने वाले लाभ का कोई स्पष्ट खाका सामने रखा गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब इस डक्ट प्रोजेक्ट से न तो यातायात व्यवस्था में कोई सुधार होने की बात सामने आई है और न ही आम नागरिक को इसका सीधा लाभ दिखाई दे रहा है, तो ऐसे में इतने बड़े बजट को खर्च करने का औचित्य क्या है।

उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े प्रोजेक्ट को शुरू करने से पहले बेनिफिट–कॉस्ट एनालिसिस, ट्रैफिक स्टडी और पब्लिक इम्पैक्ट का मूल्यांकन किया जाना जरूरी होता है, लेकिन इस परियोजना में इन सभी महत्वपूर्ण पहलुओं की अनदेखी की गई। उनके अनुसार बिना पर्याप्त योजना और तैयारी के काम शुरू कर दिया गया, जिसका असर अब शिमला की जनता को झेलना पड़ रहा है।

भाजपा प्रवक्ता ने यह भी कहा कि लंबे समय से चल रहे निर्माण कार्य के कारण मॉल रोड और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इससे व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं, पर्यटन पर असर पड़ा है और स्थानीय लोगों के रोजमर्रा के काम भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता के समय और संसाधनों का नुकसान हो रहा है, लेकिन सरकार की ओर से इस बारे में कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया जा रहा है।

संदीपनी भारद्वाज ने मांग की कि सरकार इस डक्ट प्रोजेक्ट की लागत, आवश्यकता और इसके संभावित लाभ को लेकर एक श्वेत पत्र जारी करे, ताकि जनता को स्पष्ट जानकारी मिल सके कि इस पर खर्च किए जा रहे सैकड़ों करोड़ रुपये का क्या परिणाम सामने आएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा