धर्मशाला में नई नगर निगम की पहली आम सभा आयोजित, 15 प्रोजेक्ट किए गए फाइनल
धर्मशाला, 24 जुलाई (हि.स.)। धर्मशाला में नई नगर निगम की पहली आम सभा शुक्रवार को आयोजित की गई। मेयर शमशेर सिंह नैहरिया की अध्यक्षता में आयोजित आम सभा में पदेन सदस्य धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। पहली सभा में 12 से 15 प्रोजेक्ट फाइनल किए गए, जिन पर पार्षदों की फीडबैक ली गई तथा इसकी अब डीपीआर तैयार की जाएगी। इसके अलावा सभी 17 वार्डों के पार्षदों ने अपने वार्डों की समस्याओं को उठाया, जिन पर नगर निगम आयुक्त ने संबंधित विभागों के माध्यम से समाधान करवाने की बात कही।
बैठक उपरांत पत्रकारों से बातचीत में नगर निगम आयुक्त जफर इकबाल ने कहा कि शहर के विकास, सौंदर्यीकरण व सुविधाओं को लेकर नगर निगम की पहली बैठक में 12 से 15 प्रोजेक्ट फाइनल किए गए हैं, जिसके लिए सभी पार्षदों की फीडबैक ली गई है। इसके अलावा सभी वार्ड पार्षदों से उनके वार्ड की तीन प्राथमिकताएं जानी गई हैं कि उनके वार्डों में तत्काल किन चीजों की जरूरत है। अधिकतर पार्षदों ने स्ट्रीट लाइटस व बरसात में पानी लोगों के घरों में घुसने सहित बेहतर नालियों की समस्याओं को उठाया।
निगम ने दो साल में बढ़ाया 3 करोड़ का राजस्व
आयुक्त ने बताया कि नगर निगम ने पिछले दो साल में अपने संसाधनों से 3 करोड़ रुपये का राजस्व बढ़ाया है। जो भी प्रोजेक्ट फाइनल किए गए हैं, उनकी डीपीआर तैयार करके केंद्र व प्रदेश सरकार से फंडस की मांग की जाएगी। हाल ही में नगर निगम ने शहरवासियों से लिए जाने वाला 3 लाख रुपये का यूजर चार्जिस एकत्रित किया है। समय पर यूजर चार्जिज का भुगतान न करने पर जुर्माना भी लगता है।
सड़क किनारे पोस्टर पर 6 लाख के चालान
जफर इकबाल ने कहा कि शहर में लोग सडक़ किनारे पोस्टर चस्पां करने वालों को करीब 6 लाख रुपये के चालान जारी किए हैं। नगर निगम की ओर से डिजिटल एडवरटाइमेंट की व्यवस्था की गई है, इसलिए लोग यहां-वहां पोस्टर लगाने के बजाय नगर निगम से अपने संस्थान के विज्ञापन के लिए संपर्क कर सकते हैं।
प्रॉपर्टी टैक्स हेतू 90 फीसदी सर्वे पूरा
आयुक्त ने बताया कि प्रॉपर्टी टैक्स का यूनिट एरिया मैथेड से सर्वे किया गया है, जिसमें 90 फीसदी घरों को कवर किया जा चुका है। जो दस फीसदी घर बचें हैं, उन्हें एक अगस्त तक कवर किया जाएगा। एक अगस्त के बाद जो घर छूटे हैं ऐसे शहरवासी नगर निगम से संपर्क करके ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से यूजर चार्जिस ऑनलाइन दे सकते हैं।
स्टाफ की कमी बारे किया पत्राचार
आयुक्त ने बताया कि नगर निगम में स्टाफ की कमी बारे लगातार प्रदेश सरकार से पत्राचार किया जा रहा है। प्रिंसिपल सेक्रेटरी के समक्ष यह भी मामला उठाया गया है कि जब तक नगर निगम में स्थायी एक्सईएन की नियुक्ति नहीं होती, तब तक पीडब्ल्यूडी या हिमुडा के एक्सईएन को अतिरिक्त कार्यभार दिया जाए, जिससे कि नगर निगम के कार्य प्रभावित न हों।
टूरिज्म के लिए बनेगा इंटेग्रेटेड प्लान
शहर में टूरिज्म डिवेलपमेंट के लिए भी टूरिज्म प्रमोशन व टूरिज्म फेसिलिटी के लिए इंटेग्रेटेड प्लान तैयार किया जाएगा। जिससे धर्मशाला आने वाले टूरिस्ट को शहर में प्रवेश करते ही नगर निगम एरिया शुरू होने और पार्किंग एरिया की जानकारी मिल सके। इसके अलावा शहर में नाइट लाइफ को बढ़ावा देने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया