लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही कांग्रेस सरकार, जनता 2027 में देगी जवाब : डॉ. राजीव बिंदल

 


शिमला, 30 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने संगठनात्मक जिला महासू के प्रशिक्षण महाअभियान के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने, जनादेश का अनादर करने और विकास कार्यों को बाधित करने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार ने लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी करते हुए पंचायत और नगर निकाय चुनावों को टालने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन सर्वोच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद चुनाव करवाने पड़े।

उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम घोषित हुए डेढ़ माह से अधिक समय बीत चुका है, फिर भी जिला परिषदों, ब्लॉक समितियों, नगर परिषदों, नगर पंचायतों और नगर निगमों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मेयर तथा डिप्टी मेयर के चुनाव लंबित रखे गए हैं। उनका आरोप था कि सत्ता के दुरुपयोग, नियमों में बार-बार बदलाव और कथित हॉर्स ट्रेडिंग के माध्यम से भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधियों पर दबाव बनाकर जनता के जनादेश को पलटने की कोशिश की जा रही है।

प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर निशाना साधते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश में सड़कें बदहाल हैं, जबकि किसान और बागवान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि एचपीएमसी पर बागवानों का करीब 150 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित है और एंटी हेल नेट सहित बागवानी से जुड़ी कई सब्सिडियां समाप्त या कम कर दी गई हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने युवाओं से एक लाख सरकारी नौकरियां और पांच लाख रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने की गारंटी भी पूरी नहीं की गई।

डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा राष्ट्रवाद और विकास की विचारधारा पर कार्य करती है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल को फोरलेन, सुरंगों और आधुनिक आधारभूत ढांचे जैसी अनेक सौगातें दी हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की उपलब्धियों और भाजपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला