भाजपा का इतिहास विकास और राष्ट्र गौरव का इतिहास, कांग्रेस की विदाई तय : डॉ. राजीव बिंदल

 


मंडी, 25 फ़रवरी (हि.स.)। पंडित दीन दयाल उपाध्याय महा-प्रशिक्षण अभियान-2026 के अंतर्गत मंडी संसदीय क्षेत्र की कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा विशेष रूप से कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन हेतु उपस्थित रहे। कार्यशाला में संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत मंथन हुआ। बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की जनहितैषी योजनाओं को फील्ड और बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष चर्चा की गई।

कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता का आधार है और बूथ जीता तो चुनाव जीता के मंत्र के साथ आगे बढ़ा जाएगा।

इस दौरान हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में विकास की उपलब्धि शून्य रहने पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में जो भी विकास कार्य हो रहे हैं, वे केंद्र सरकार के बजट और संसाधनों से संचालित हैं, जबकि राज्य सरकार अपनी नाकामियों पर नाच न जाने आंगन टेढ़ा की तर्ज पर भाजपा और केंद्र को दोष देने में लगी है। लगातार जनविरोधी निर्णयों से जनता त्रस्त है और अब कांग्रेस सरकार की विदाई तय है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा का इतिहास विकास का इतिहास है। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारत ने 11 मई 1998 को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनकर विश्व को चकित किया। अंत्योदय अन्न योजना, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, स्वर्णिम चतुर्भुज, अटल टनल रोहतांग और हिमाचल के लिए विशेष औद्योगिक पैकेज जैसी ऐतिहासिक उपलब्धियां अटल की देन हैं।

उन्होंने कहा कि 2014 से 2026 तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास की नई गाथा लिखी है। 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालना, 4 करोड़ पक्के मकान, 14 करोड़ घरों में नल कनेक्शन, 11 करोड़ शौचालय, 3 करोड़ लखपति दीदी, 30 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज और 50 करोड़ नागरिकों को आयुष्मान भारत के तहत 5 लाख रुपये तक का इलाज—ये उपलब्धियां अपने आप में मील का पत्थर हैं।

कार्यशाला में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नाचन विधायक विनोद कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता एवं सुंदरनगर विधायक राकेश जम्वाल, प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल, प्रदेश महामंत्री पायल वैद, प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा, प्रदेश सचिव प्रियंता शर्मा, प्रदेश सचिव तिलक राज शर्मा, प्रदेश आईटी सह संयोजक प्रवीण ठाकुर सहित संसदीय क्षेत्र के विधायकगण एवं संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा