नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी, मंडी पुलिस के प्रयास सराहनीय : अपूर्व देवगन
मंडी, 03 अगस्त (हि.स.)। मंडी जिला में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में सोमवार को पुलिस लाइन स्थित कामाक्षा हॉल में जिला स्तरीय नारकोटिक्स समन्वय केंद्र समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान, एनडीपीएस अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई, वित्तीय जांच तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त अपूर्व देवगन ने नशा तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए मंडी पुलिस की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है और यह अभियान आगे भी पूरी दृढ़ता के साथ जारी रहेगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिले की सभी रेड ग्राम पंचायतों में नशा निवारण समितियों की नियमित बैठकें आयोजित की जाएं। इसके अलावा पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, नगर निगम, नगर निकायों और पंचायतों के सहयोग से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने ड्रग्स फ्री हिमाचल ऐप का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने तथा आम लोगों से इसे डाउनलोड करवाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में बताया गया कि पहली जनवरी से 31 जुलाई, 2026 तक जिला पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत 207 मामले दर्ज किए हैं, 323 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें अफीम व अफीम पौधा के 5, हेरोइन/चिट्टा के 68, चरस के 112, एमडीएमए एवं अन्य सिंथेटिक मादक पदार्थों के 9 तथा अवैध भांग एवं पोस्त की खेती से जुड़े 13 मामले शामिल हैं।
बैठक में वित्तीय जांच की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 49 मामले लंबित हैं। वर्ष 2025-26 के दौरान 5 मामलों में आरोपियों की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है, जबकि एक मामला संपत्ति कुर्की की प्रक्रिया में है। पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत अब तक 34 मामले पुलिस मुख्यालय के माध्यम से सलाहकार बोर्ड को भेजे जा चुके हैं। वर्ष 2026 में अब तक 25 मामले पुलिस मुख्यालय भेजे गए हैं तथा 6 आरोपियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई के आदेश जारी किए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा