हमीरपुर जिला भाजपा कार्यसमिति में रिक्त चार पदों पर नए चेहरों को मिली जिम्मेदारी

 

हमीरपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर ने संगठनात्मक गतिविधियों को और गति देते हुए जिला कार्यसमिति में रिक्त हुए चार पदों पर नए चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी है। उखली से सुशील कुमार ठाकुर, बस्सी-भोरंज से उत्तम चंद, रंगस से कविश्का कौशल तथा ननावां-बड़सर से रेणु बाला को जिला कार्यसमिति सदस्य नियुक्त किया गया है। उल्लेखनीय है कि जिला कार्यसमिति के चार सदस्यों को कुछ समय पूर्व प्रदेश संगठन में समायोजित किया गया था, जिसके चलते ये पद रिक्त चल रहे थे।

इसके अलावा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने पार्टी नेतृत्व और प्रदेश हाई-कमान से विचार-विमर्श के उपरांत भाजपा कानून एवं विधि प्रकोष्ठ की 11 सदस्यीय जिला टीम की घोषणा की है। अधिवक्ता राजीव सोनी को कानून एवं विधि प्रकोष्ठ का जिला संयोजक तथा अधिवक्ता दिनेश ठाकुर को जिला सह-संयोजक नियुक्त किया गया है। अधिवक्ता विवेक शर्मा, राजेश चौहान, सुनय वर्मा, अश्वनी ठाकुर, हिमांशु शर्मा, अक्षय कुमार, राजेश कुमार, नवीन पटियाल और हैप्पी कानूनगो को प्रकोष्ठ का सदस्य बनाया गया है।

संगठनात्मक मजबूती को ध्यान में रखते हुए जिलाध्यक्ष द्वारा हमीरपुर जिला की पांचों विधानसभाओं के लिए पार्टी समन्वयकों की नियुक्ति की गई है। हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र में पूर्व जिला महामंत्री एवं एपीएमसी के पूर्व चेयरमैन अजय शर्मा, सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल ठाकुर, नादौन विधानसभा क्षेत्र में जिला कार्यसमिति सदस्य पवन शर्मा, भोरंज विधानसभा क्षेत्र में पूर्व मंडल अध्यक्ष जयमल ठाकुर तथा बड़सर विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कमल नयन शर्मा को विधानसभा समन्वयक नियुक्त किया गया है।

इसी क्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह ठाकुर को जिला के पांचों मोर्चों का संयुक्त समन्वयक बनाया गया है। जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि जिला स्तर पर विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों तथा मंडलों के प्रभारी एवं सह-प्रभारियों की नियुक्तियां भी शीघ्र कर दी जाएंगी।

जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि संगठन में की गई ये नियुक्तियां भाजपा की कार्यप्रणाली को अधिक व्यापक, सक्रिय और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। जिला कार्यसमिति में नए सदस्यों को अवसर मिलने से संगठन में नई ऊर्जा और नए विचारों का समावेश होगा, जबकि विधानसभा समन्वयकों की नियुक्ति से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय तथा जनसंपर्क अभियान को और गति मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा