नाहन में गिरि पेयजल योजना की मुख्य पाइपलाइन फटी, वैकल्पिक व्यवस्था से जारी रहेगी पानी की आपूर्ति

 

नाहन, 18 अक्टूबर (हि.स.)। सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में पेयजल आपूर्ति की मुख्य योजना रविवार तड़के तकनीकी खराबी के कारण बाधित हो गई। रामाधौण पंचायत के धौण में गिरि उठाऊ पेयजल योजना की मुख्य पाइपलाइन फटने से शहर में नियमित जलापूर्ति प्रभावित होने की आशंका पैदा हो गई। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही जल शक्ति विभाग की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत का काम शुरू कर दिया। विभाग ने शहर में पानी की आपूर्ति बनाए रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल पानी के संकट जैसी कोई स्थिति नहीं है।

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह मुख्य पाइपलाइन में अचानक खराबी आई। जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता देवानंद पुंडीर ने बताया कि पाइपलाइन में हवा भरने के कारण यह फट गई। मुख्य पाइपलाइन गिरि उठाऊ पेयजल योजना का अहम हिस्सा है। इसके माध्यम से नाहन शहर तक पानी पहुंचाया जाता है। ऐसे में लाइन क्षतिग्रस्त होने से शहर की नियमित पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका थी। विभाग ने तकनीकी कर्मचारियों को मौके पर भेजकर मरम्मत का काम शुरू करवा दिया है।

अधिशासी अभियंता देवानंद पुंडीर ने बताया कि शहर में पेयजल आपूर्ति जारी रखने के लिए नेहर सवार ग्रेविटी पेयजल योजना को वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में सुचारू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्य पाइपलाइन की मरम्मत जल्द पूरी करने के प्रयास किए जा रहे हैं। विभाग का प्रयास है कि मरम्मत के दौरान भी शहरवासियों को पानी की आपूर्ति मिलती रहे और व्यवस्था जल्द सामान्य हो जाए।

गिरि उठाऊ पेयजल योजना के माध्यम से नाहन शहर को प्रतिदिन करीब 40 लाख लीटर से अधिक पानी की आपूर्ति की जाती है। शहर की बड़ी आबादी की पेयजल जरूरतें पूरी करने वाली इस योजना की मुख्य पाइपलाइन में खराबी आने से विभाग के सामने मरम्मत के साथ नियमित आपूर्ति बनाए रखने की चुनौती है। फिलहाल तकनीकी टीम पाइपलाइन को ठीक करने में जुटी है। विभागीय अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि वैकल्पिक योजना के माध्यम से पेयजल आपूर्ति बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है और फिलहाल शहर में पानी के संकट की कोई स्थिति नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर