कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें : सुरेश कश्यप
नाहन, 08 जुलाई (हि.स.)। सांसद लोकसभा सुरेश कश्यप ने आज उपायुक्त कार्यालय के बचत भवन में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र तथा प्रदेश सरकार द्वारा संचालित सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागीय अधिकारी पूरी गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि लक्षित वर्ग को योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा निर्माण कार्यों में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने सभी स्वीकृत परियोजनाओं को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के भी निर्देश दिए।
सांसद सुरेश कश्यप ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज नाहन में केन्द्र प्रायोजित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई और लगभग सभी योजनाओं में प्रगति संतोषजनक पाई गई। विशेष रूप से आर डी एस एस बिजली योजना और रोड सेफ्टी में लोगों की सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा हुई।
कश्यप ने कहा कि बरसात सीजन आरंभ हो चुका है और पिछले दो तीन सालों से आपदा भी बहुत हो रही है। इस को देखते हुए प्रशासन सहित संबंधित विभागों को तैयारी सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि आपदा काल में लोगों की जान माल की रक्षा की जा सके। सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि जिला में केन्द्र प्रायोजित विभिन्न योजनाओं का अच्छा क्रियान्वयन हो रहा है और संबंधित अधिकारियों को इन विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर