भाजपा वरिष्ठ नागरिक प्रकोष्ठ की बैठक आयोजित

 


हमीरपुर, 03 सितंबर (हि.स.)।

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नागरिक प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण बैठक आज हमीरपुर स्थित भाजपा कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ नागरिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अजीत शर्मा ने की। बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर, वरिष्ठ नागरिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक देवराज शर्मा तथा प्रदेश सह-संयोजक अजमेल वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में वरिष्ठ नागरिक प्रकोष्ठ के संगठनात्मक विस्तार को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस दौरान जिला, मंडल एवं अन्य स्तरों पर प्रकोष्ठ को अधिक सक्रिय और सशक्त बनाने की रणनीति तैयार की गई। कार्यकर्ताओं को वरिष्ठ नागरिकों से निरंतर संपर्क स्थापित करने तथा उनके अनुभवों और सुझावों को संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया।

बैठक में भारतीय जनता पार्टी द्वारा निर्धारित आगामी संगठनात्मक एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए भी विस्तृत रणनीति बनाई गई। वरिष्ठ नागरिक प्रकोष्ठ की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने, पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को संगठन से जोड़ने पर विचार-विमर्श किया गया।

भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि पार्टी संगठन में वरिष्ठ नागरिकों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनका अनुभव और वर्षों का सामाजिक एवं संगठनात्मक ज्ञान नई पीढ़ी के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रकोष्ठ के विस्तार के माध्यम से पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत किया जाएगा तथा आगामी कार्यक्रमों में वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

प्रदेश संयोजक देवराज शर्मा ने प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक प्रकोष्ठ का उद्देश्य केवल संगठनात्मक विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के वरिष्ठ नागरिकों के अनुभवों को राष्ट्र निर्माण और सामाजिक सरोकारों से जोड़ना भी है।

प्रदेश सह-संयोजक अजमेल वर्मा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का मार्गदर्शन संगठन के लिए अमूल्य है और प्रकोष्ठ को प्रत्येक स्तर पर मजबूत करते हुए पार्टी की विचारधारा एवं नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला संयोजक अजीत शर्मा ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया तथा प्रकोष्ठ के विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा