वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल व वित्तीय साक्षरता पर कार्यशाला आयोजित

 


मंडी, 19 मार्च (हि.स.)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के तत्वावधान से मंडी जिला के जोगिंदर नगर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक दिवसीय डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता तहसील कल्याण अधिकारी चंदन वीर सिंह ने की। इस अवसर पर चंदनवीर ने उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ उठाने के लिए जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। कार्यशाला में हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के प्रबंधक हंसराज कपूर ने भी भाग लेते हुए बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल लेन-देन और साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। इसके साथ ही उन्होंने बैंक द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की।

उन्होंने विशेष रूप से डिजिटल फ्रॉड के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए कहा कि कई बार उपभोक्ता की जागरूकता की कमी ही ऐसे मामलों का मुख्य कारण बनती है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को सतर्क रहने, किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक या ओटीपी साझा न करने तथा बैंकिंग लेन-देन के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी।

कार्यशाला का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल युग के अनुरूप सशक्त बनाना तथा उन्हें वित्तीय रूप से सुरक्षित और जागरूक बनाना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा