डीआईसी मंडी तथा निटकॉन लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में उद्यमिता विकास कार्यक्रम आयोजित

 


मंडी, 10 अप्रैल (हि.स.)। जिला उद्योग केंद्र मंडी तथा निटकॉन लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में उद्यमिता विकास कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंडी साक्षरता एवं जन विकास समिति, मंडी में आरएएमपी के तहत तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला मंडी के विभिन्न क्षेत्रों धर्मपुर, मंडी, बल्ह, करसोग, सराज गोहर व बाली चौकी ब्लाॅक से आए लगभग 30 प्रतिभागियों ने भाग लिया। जिनमें एफपीओ सदस्य, समूह आधारित उद्यमी एवं स्वयं सहायता समूहों से जुड़े सदस्य शामिल रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दिव्य प्रकाश निटकॉन द्वारा प्रतिभागियों के पंजीकरण एवं परिचय सत्र के साथ किया गया।वहीं जिला उद्योग केंद्र मंडी की जिला संसाधन व्यक्ति सुश्री राजसी शर्मा ने प्रतिभागियों को उद्योग विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, उद्यम पंजीकरण एवं सरकारी सहायता तंत्र के बारे में विस्तृत जानकारी दी तथा उन्हें सीधे डभ्आईसी से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विषय विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत सत्र आयोजित किए गए, जिनमें शुभम जमवाल निटकॉन, प्रिया कौंडल निटकॉन, दिव्य प्रकाश निटकॉन, पुनित कुमार, अंकुर सरस्वती एवं तकनीकी एवं विकास समिति से जोगिंदर वालिया द्वारा महत्वपूर्ण विषयों व्यवसाय योजना, वित्तीय प्रबंधन को लेकर प्रशिक्षण प्रदान किया गया और कार्यक्रम का समन्वय एवं प्रतिभागियों का मोबिलाइजेशन भी किया गया।

तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को एफपीओ संचालन, गवर्नेंस, वित्तीय योजना, लागत निर्धारण, विपणन रणनीतियां, मूल्य श्रृंखला विकास, डिजिटल टूल्स, व्यवसाय मॉडल तथा डीपीआर तैयार करने जैसे विषयों पर विस्तृत सत्र प्रदान किए गए। साथ ही, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग पर भी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा