धान रोपाई के समय बिजली कटौती से किसान परेशान, सरकार तुरंत व्यवस्था सुधारे : डॉ. राजीव बिंदल
नाहन, 15 जुलाई (हि.स.)। नाहन विधानसभा क्षेत्र के धौलाकुआँ क्षेत्र की धौलाकुआँ, रामपुर भारापुर, परदूनी आदि विभिन्न पंचायतों में लगातार बनी हुई बिजली की समस्या को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने क्षेत्र की पंचायतों के जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ बिजली बोर्ड के अधीक्षण अभियंता से उनके कार्यालय में मुलाकात कर बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।
डॉ. बिंदल ने अधीक्षण अभियंता के समक्ष क्षेत्रवासियों की समस्याओं को विस्तार से रखते हुए कहा कि धौलाकुआँ क्षेत्र में पिछले लंबे समय से अघोषित बिजली कटौती आम बात बन गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में दिनभर बिजली बाधित रहने के कारण आम जनता के साथ-साथ किसान, व्यापारी और विद्यार्थी वर्ग भी भारी परेशानी झेल रहे हैं।
डॉ. बिंदल ने कहा कि वर्तमान समय धान रोपाई का सबसे महत्वपूर्ण मौसम है। किसानों को खेतों में सिंचाई के लिए बिजली की अत्यधिक आवश्यकता होती है, लेकिन सुबह से लेकर शाम तक लगातार बिजली गुल रहने के कारण धान रोपाई का कार्य प्रभावित हो रहा है। इससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर रहा है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों की बात तो करती है, लेकिन धरातल पर उन्हें मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि विडंबना यह है कि एक ओर जनता घंटों बिजली कटौती झेलने को मजबूर है, वहीं दूसरी ओर उपभोक्ताओं को भारी-भरकम बिजली बिल भेजे जा रहे हैं। जनता को न तो पर्याप्त बिजली मिल रही है और न ही गुणवत्तापूर्ण सेवाएं। यह स्थिति पूरी तरह जनविरोधी है।
प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि शीघ्र ही बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं किया गया और क्षेत्र में नियमित विद्युत व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो क्षेत्र की पंचायतें एवं आम जनता व्यापक जन आंदोलन करने के लिए विवश होगी।
डॉ. बिंदल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता की समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष करती रही है और आगे भी जनता के अधिकारों की आवाज़ मजबूती से उठाती रहेगी। यदि सरकार और बिजली बोर्ड ने समय रहते इस गंभीर समस्या का समाधान नहीं किया तो भाजपा जनता के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर