अवकाश पर डीजीपी अशोक तेवारी, श्याम भगत नेगी को सौंपी गई अतिरिक्त जिम्मेदारी
शिमला, 20 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पुलिस प्रशासन से जुड़ी एक अहम अस्थायी व्यवस्था की गई है। राज्य सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी श्याम भगत नेगी को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के दोनों प्रमुख पदों का अतिरिक्त कार्यभार सौंपने का फैसला लिया है। यह व्यवस्था इसलिए की गई है क्योंकि वर्तमान में इन पदों की जिम्मेदारी संभाल रहे अशोक तेवारी अवकाश पर जा रहे हैं।
कार्मिक विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक वर्ष 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी श्याम भगत नेगी, जो इस समय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर तैनात हैं, 23 मार्च से 31 मार्च 2026 तक डीजीपी (हेड ऑफ पुलिस फोर्स) और डीजीपी (स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो) दोनों पदों का अतिरिक्त कार्यभार संभालेंगे।
दरअसल, वर्ष 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी अशोक तेवारी इस समय डीजीपी (एसवी एंड एसीबी) के पद पर कार्यरत हैं और उनके पास ही डीजीपी (हेड ऑफ पुलिस फोर्स) का अतिरिक्त प्रभार भी है। उनके अवकाश पर जाने के कारण प्रशासनिक कामकाज प्रभावित न हो, इसके लिए यह अंतरिम व्यवस्था की गई है।
सरकार ने साफ किया है कि यह केवल सीमित अवधि के लिए व्यवस्था है। जैसे ही अशोक तेवारी 1 अप्रैल 2026 को अवकाश से लौटेंगे, वे दोबारा दोनों पदों का कार्यभार संभाल लेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा