देवधार एजुकेशन सोसायटी : बचपन व समिधा के बच्चों ने वार्षिक समारोह में बांधा समां

 


मंडी, 02 अप्रैल (हि.स.)। देवधार एजुकेशन सोसायटी द्वारा संचालित बचपन और समिधा पब्लिक स्कूल के संयुक्त वार्षिक समारोह में बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों से समा बांधा। इस अवसर पर बचपन स्कूल की ओर से मुख्य अतिथि एडीएम मंडी डॉ. मदन कुमार व समिधा स्कूल से मुख्य अतिथि गैलैंट्री अवार्डी सेवानिवृत डीआईजी बीएसएफ डॉ. हेमंत कुमार शामिल हुए। समारोह का आयोजन मोतीपुर स्थित संस्कृति सदन में किया गया।

समारोह के सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने थीम आधारित एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर सभी का मन मोहा। अपने नृत्य से बच्चों ने मोबाईल की बढ़ती प्रवृति से होने वाले नुक्सान के प्रति आमजन को सचेत करते हुए इससे दूर रहने का संदेश दिया। जबकि पहाड़ी और पंजाबी लोक नृत्यों से कार्यक्रम रोचक बन गया। खास बात यह रही कि समारोह के स्कूल की अध्यापिकाओं व अभिवावकों ने भी अपनी प्रस्तुतियां दी।

मंच का संचालन साहित्यकार व शिक्षाविद् शिव कुमार सूर्या ने बखूबी किया। इस अवसर पर सोसायटी की चेयरमैन कल्पना योगेश ने जानकारी दी कि दोनों ही स्कूल शिक्षा में नवीनतम प्रयोग करते हुए बच्चो को वर्तमान चुनौतियों से निपटने के अनूठे कनसेप्ट को लेकर काम कर रहे हैं तथा स्कूल को अंतरर्राष्ट्रीय स्तर पर जोड़ा जा रहा है। जबकि बचपन में अभिभावकों की मांग पर प्राईमरी तक की कक्षाएं शुरू की गई हैं।

इस अवसर पर मुख्यअतिथि गलैंट्री अवार्डी सेवानिवृत डीआईजी डॉ हेमंत कुमार ने कहा कि देवधार एजुकेशन सोसायटी ग्रामीण व शहरी दोनों ही क्षेत्रों में बेहतरीन शिक्षा प्रदान करके देश सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। बचपन स्कूल की ओर से मुख्य अतिथि एडीएम मंडी डॉ मदन कुमार ने बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों को देखते हुए कहा कि कार्यक्रम में जिस तरह से स्कूली बच्चों ने प्रदर्शन किया वह शिक्षा क्षेत्र में सोसायटी द्वारा किए जा रहे बेहतरीन कार्यों को दर्शाता है। कार्यक्रम में सोसायटी द्वारा शिक्षा, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, विधि, संगीत, समाज सेवा में उत्कृष्ट कार्य कर रहे 20 गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा