देवभूमि इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल : समाज को प्रतिबिंबित ही नहीं दिशा भी देता है सिनेमा : तरूण श्रीधर

 




मंडी, 03 जुलाई (हि.स.)। संस्कृति सदन मंडी में 3 जुलाई से 5 जुलाई तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय देव भूमि इंटरनेशनल फिल्म फेस्टीवल का धूमधाम के साथ शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर खाद्य एवं भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के अध्यक्ष एवं भारत सरकार के पूर्व कृषि एवं पशु पालन सचिव तरूण श्रीधर ने बतौर मुख्यअतिथि शिरकत करते हुए दीप प्रज्जवलित करके शुभारंभ किया। इस अवसर पर हिंदी सिनेमा की प्रमुख हस्तियां अभिनेता संजय मिश्रा, आदित्य श्रीवास्तव, राजेश जैश और हेमंत पांडे विशेष रूप से मौजूद रहे। सभी अभिनेताओं ने देवभूमि इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के आयोजन के लिए आयोजक फिल्म निर्देशक पवन शर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। इस तरह के फिल्म फेस्टिवल दर्शकों को सार्थक सिनेमा से रू -ब-रू करवाने में सहायक होते हैं।

इस अवसर अपने संबोधन में तरूण श्रीधर ने कहा कि फिल्में चाहे अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय या राज्य स्तर पर बनाई गई हो, समाज के दर्पण के रूप में कार्य करती है और कलाकारों को अभिव्यक्ति का सशक्त मंच प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि कला समाज का प्रतिबिंब ही नहीं हाेती समाज को दिशा भी देती है। उन्होंने इस अवसर पर प्रस्तुत किए गए विभिन्न लघु फिल्मों व वृत-चित्रों का अवलोकन करने के उपरांत प्रशंसा करते हुए कहा कि इनके माध्यम से आम आदमी की पीड़ा, चुनौतियों और समस्याओं के बारे में बखूबी से दर्शाया गया है। उन्होंने राज्य के कलाकारों और फिल्मी जगत से जुड़े व्यक्तियों से अपील करते हुए कहा कि फिल्मों में पहाड़ को बतौर पृष्ठ भूमि प्रयोग करना आसान है, लेकिन पहाड़ के जन-जीवन की समस्या को समझना अलग बात है।

उन्होंने कलाकारों से कहा कि वह पहाड़ों की चुनौतियों, लोक कलाओं, मान्यताओं, देव-संस्कृति तथा समृद्व संस्कृति से जुड़ी घटनाओं को भी परदे पर लाएं ताकि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहाड़ की इस पृष्ठ भूमि से लोग परिचित हो सकें।

इस अवसर पर फैस्टीवल डायरेक्टर पवन शर्मा ने मुख्य अतिथि तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत करते हुए कहा कि कलाकार का कोई धर्म और कोई राजनीति नहीं होती है। देवभूमि फिल्म फेस्टिवल के माध्यम से विभिन्न भाषाओं की फिल्मों को दिखाया जाएगा, जो समाज की सही तस्वीर को पेश करती है। इस अवसर पर जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशी शर्मा कार्यक्रम में विशिष्ठ अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

इन्हें मिला देवभूमि लाईफ टाइम एवं अचीवर अवार्ड

इस अवसर पर समाज में अपने-अपने क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करने वाली हस्तियों को देवभूमि लाईफ टाइम अचीवर्स अवार्ड प्रदान किए गए। जिसमें हिमाचल के मशहूर एवं हिमाचल गौरव से सम्मानित छायाकार बीरबल शर्मा को लाईफ टाइम अचीवर सम्मान से अलंकृत किया गया। वहीं पर वरिष्ठ साहित्यकार मुरारी शर्मा को देवभूमि साहित्य अचीवर्स सम्मान से सम्मानित किया गया। इसके अलावा स्वर कोकिला शुक्ला शर्मा को संगीत के लिए देवभूमि लाईफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड, उपन्यासकार गंगा राम राजी को साहित्य के क्षेत्र में देवभूमि लाईफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से, जिला भाषा अधिकारी रेवती सैनी को देव-भूमि महिला सशक्ति सम्मान से, उमेश भारद्वाज को देव भूमि संगीत पुरस्कार से जबकि नंद लाल को वास्तुकार कला क्षेत्र में बेहतरीन योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर दो शार्ट फिल्में गुलर के फूल और बर्थ डे केक दर्शकों को दिखाई गई। जिन्हें देखने के लिए स्थानीय लोगों और सिनेमा प्रेमियों में भारी उत्साह और उत्सुकता देखी गई। यह फिल्म फेस्टिवल पांच जुलाई रविवार तक चलेगा जिसमें पचीस से अधिक फिल्में दिखाई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा