ऐतिहासिक पड्डल मैदान में होने वाले देवसमागम स्थल का सर्व देवता समिति ने किया निरीक्षण

 


मंडी, 24 सितंबर (हि.स.)। मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में आगामी 26-27 सिंतबर को आयोजित होने वाले देव समागम की तैयारियां जोरों पर है। सत्य साई ट्रस्ट की ओर से आयोजित होने वाले इस समागम में मंडी जनपद के 108 देवी-देवताओं को आमंत्रित किया गया है। वीरवार को सर्व देवता सेवा समिति के प्रधान शिव पाल शर्मा की अगुवाई में देवता समिति के पदाधिकारियों ने पड्डल मैदान का निरीक्षण किया। इस अवसर पर सर्व देवता सेवा समिति के अध्यक्ष शिवपाल शर्मा ने कहा कि इस समागम में जिला मंडी के 108 देवी- देवताओं को साईं ट्रस्ट द्वारा निमंत्रण पत्र दिया गया है।

उन्होंने बताया कि इसमें सर्व देवता सेवा समिति को भी सहयोग देने का आग्रह किया है। इस समय ये सभी देवी-देवता अपनी इच्छा अनुसार पड्डल समागम में पधार रहे हैं। देव समागम करने से पहले ट्रस्ट के पदाधिकारियों द्वारा प्रधान सर्व देवता सेवा समिति से इच्छा प्रकट की थी कि हमारे पदाधिकारी आपसे इस विषय पर बैठक करना चाहते हैं । जिसमें प्रधान सर्व देवता सेवा समिति ने देवी देवताओं की मर्यादा एवं परंपरा से सभी को अवगत करवाया इस पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने अपनी सहमति दी और देवताओं के आने जाने का भत्ता इत्यादि भी देने का वादा किया l

ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने यह भी बताया कि हमारे पूजा अर्चना में सब से पहले गणेश स्तुति होगी और वेद मंत्रों के द्वारा ही कार्य शुरू होगा l

इस पर देवताओं को इनके द्वारा निमंत्रण दिए गए l उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में 27सितंबर को पड्डल मैदान में सुबह 9- 9:30 बजे देवी देवता पहुंचेंगे और सर्व देवता कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकारिणी के सदस्य इसमें देवताओं की व्यवस्था और बैठाने में सहयोग करेंगे l

इस अवसर पर सर्व देवता सेवा समिति के पदाधिकारियों में हुक्म चंद ,राजू राम उप प्रधान , सुरेंद्र गुलेरिया सचिव, राजेंद्र गुलेरिया कोषाध्यक्ष, रेवती राम शर्मा मुख्य सलाहकार ,खीमा राम सलाहकार, भीम देव सयुक्त, लेख राज पटियाल संगठन सचिव, मनोज कुमार प्रेस सचिव देव राज, कृष्ण पाल, राजेश , नेशर सिंह, इंदर सिंह आदि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा