मंडी में ग्रामीण शाखा डाकपालों की समीक्षा बैठक और पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित; उत्कृष्ट कर्मी सम्मानित

 




मंडी, 03 सितंबर (हि.स.)। मंडी मंडल में ग्रामीण शाखा डाकपालों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक और पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल संजय सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने वर्तमान वित्तीय वर्ष में ग्रामीण शाखा डाकघरों के कामकाज और प्रदर्शन की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने उपस्थित शाखा डाकपालों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए ग्राहकों को अधिक बेहतर, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण डाक सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रोत्साहित किया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने विभागीय सेवाओं के विस्तार और डाक विभाग के राजस्व में वृद्धि करने के लिए विभिन्न प्रभावी रणनीतियों और उपायों की जानकारी साझा की। उन्होंने सभी कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे निर्धारित लक्ष्यों को समय पर प्राप्त करें और पूरी निष्ठा के साथ विभाग की सेवाओं को अधिक से अधिक ग्राहकों तक पहुंचाएं। जबकि उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारी पुरस्कृत किए गए।

मुख्य अतिथि संजय सिंह द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने पुरस्कृत कर्मियों के काम की सराहना की और अन्य कर्मचारियों को भी भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर मंडी मंडल के उप-अधीक्षक डाकघर संजय कुमार, सहायक अधीक्षक संदीप कुमार, परिमंडल कार्यालय शिमला के निरीक्षण डाक सुरेंद्र सिंह सहित विभाग के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। इस आयोजन में मंडी मंडल के कुल 35 शाखा डाकपालों ने हिस्सा लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा