शिमला डेंटल कॉलेज का नाम बदलने की घोषणा, राजीव गांधी के नाम पर होगा संस्थान

 


शिमला, 18 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला स्थित डेंटल कॉलेज का नाम बदलकर राजीव गांधी डेंटल कॉलेज शिमला करने की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने हमीरपुर में 300 करोड़ रुपये की लागत से डेंटल हेल्थ रिसर्च सेंटर स्थापित करने का भी ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस शोध केंद्र से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और लोगों को दंत चिकित्सा की आधुनिक तथा बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री शनिवार को शिमला में एसोसिएशन ऑफ ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जन्स ऑफ इंडिया (एओएमएसआई) के हिमाचल प्रदेश चैप्टर के चौथे वार्षिक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ओरल और मैक्सिलोफेशियल सर्जन केवल मरीजों का इलाज ही नहीं करते, बल्कि उनका आत्मविश्वास लौटाने और जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े सुधार कर रही है और इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आने लगे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पहले तक यह कल्पना करना कठिन था कि हिमाचल के सरकारी अस्पतालों में रोबोटिक सर्जरी और 3-टेस्ला एमआरआई जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अब सरकार सभी मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा तकनीक और उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने की दिशा में काम कर रही है, जिससे लोगों को अपने ही प्रदेश में बेहतर और किफायती इलाज मिल सके और दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने प्रदेशभर के चिकित्सकों के साथ विस्तार से चर्चा कर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इसी तरह का कार्यक्रम जल्द दंत चिकित्सकों के साथ भी आयोजित किया जाएगा। इस दौरान डेंटल कॉलेजों को और बेहतर बनाने तथा लोगों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण दंत चिकित्सा उपलब्ध कराने पर चर्चा होगी।

उन्होंने कहा कि शिमला से पढ़ाई करने वाले डॉक्टर देश और विदेश में अपनी सेवाओं से हिमाचल का नाम रोशन कर रहे हैं। प्रदेश के डॉक्टर प्रतिभाशाली हैं और आधुनिक तकनीक के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा