दूध के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर एसडीएम पोंटा को सौंपा ज्ञापन
नाहन, 09 जून (हि.स.)। बढ़ती महंगाई और पशुपालन की लागत में लगातार हो रही वृद्धि को लेकर क्षेत्र के किसानों और पशुपालकों ने एसडीएम पांवटा साहिब के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजकर दूध के खरीद मूल्य में बढ़ोतरी की मांग उठाई है।
किसानों का कहना है कि गैस, पेट्रोल, डीजल समेत रोजमर्रा की लगभग सभी वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। पशुओं के लिए इस्तेमाल होने वाले फीड के दाम भी विभिन्न कंपनियों द्वारा प्रति बैग 90 रुपये से 200 रुपये तक बढ़ा दिए गए हैं। इसके अलावा जो भूसा पहले करीब 500 रुपये प्रति क्विंटल मिलता था, उसकी कीमत बढ़कर 1400 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गई है।
पशु पालक गुरविंदर सिंह गोपी ने बताया कि पशुओं के चारे, दवाइयों और रखरखाव पर होने वाला खर्च लगातार बढ़ रहा है, जिससे पशुपालन करना मुश्किल होता जा रहा है। इसके बावजूद दूध के खरीद मूल्य में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हुई है, जिससे किसानों और पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ज्ञापन में किसानों ने मांग की है कि बढ़ती लागत को देखते हुए दूध के दामों में भी उचित वृद्धि की जाए, ताकि पशुपालकों को उनकी मेहनत और खर्च के अनुरूप उचित मूल्य मिल सके। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो पशुपालकों के सामने आजीविका का संकट और गहरा सकता है।किसानों ने प्रशासन से उनकी मांग सरकार तक पहुंचाने और इस संबंध में जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर