हर युवती में अपार संभावनाएं, बेटियां किसी से कम नहीं: अपराजिता चंदेल

 




मंडी, 08 अक्टूबर (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य पर जिला प्रशासन तथा महिला एवं बाल विकास विभाग मंडी द्वारा संस्कृत सदन, कांगणीधार में आयोजित ‘देई उत्सव-2026’ जोश और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस वर्ष उत्सव की थीम बाल विवाह की कुप्रथा समाप्त हो एवं बालिकाओं के अधिकारों को बढ़ावा दें रही। कार्यक्रम में नगर निगम मंडी की अतिरिक्त आयुक्त अपराजिता चंदेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

उन्होंने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज की बेटियां किसी से कम नहीं हैं और प्रत्येक युवती में अपार संभावनाएं हैं। ‘देई उत्सव’ का उद्देश्य बेटियों को आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी बनाना तथा उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करना है। मंडी प्रशासन की महत्वपूर्ण पहल के माध्यम से बालिकाओं को समान अवसर उपलब्ध करवाने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की पहचान उसके पहनावे से नहीं, बल्कि उसके काम और उपलब्धियों से होनी चाहिए। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती, जिला विकास अधिकारी गोपीचंद पाठक, जिला भाषा अधिकारी रेवती सैनी, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के अध्यापक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास अजय बदरेल ने बताया कि उत्सव में जिले के 25 स्कूलों की बालिकाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम बच्चों द्वारा, बच्चों के लिए की अवधारणा पर आयोजित किया गया। बालिकाओं ने विभिन्न खेलकूद एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

चेस प्रतियोगिता में स्वामी विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल राम नगर, मंडी के कक्षा आठवीं के अभिनव वर्मा ने प्रथम, पीएम श्री जी.एम.एस.एस.एस. मंडी की कक्षा 12वीं की अर्पिता ने द्वितीय तथा दयानंद आर्य विद्यालय मंडी के कक्षा 11वीं के कनिष्क ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बैडमिंटन अंडर-17 में केंद्रीय विद्यालय मंडी की कक्षा 11वीं की स्वरांजली सिंह ठाकुर प्रथम, तक्षशिला इंटरनेशनल स्कूल मंडी की कक्षा 10वीं की जसप्रीत द्वितीय तथा पीएम श्री जी.एम.एस.एस.एस. मंडी की कक्षा 10वीं की निहारिका तृतीय रहीं।

बैडमिंटन अंडर-14 में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बगला की कक्षा 9वीं की वृति प्रथम, महादेव पब्लिक स्कूल भांगरोटू की कक्षा 8वीं की यामिनी द्वितीय तथा पीएम श्री स्कूल जे.एन.वी. मंडी की कक्षा 9वीं की अनामिका तृतीय रहीं। टेबल टेनिस प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय मंडी की कक्षा 9वीं की समृद्धि ठाकुर ने प्रथम, मॉडर्न हाई टेक रावपाली की कक्षा 10वीं की मिष्टी ने द्वितीय तथा इसी विद्यालय की कक्षा 4वीं की प्राध्या ने तृतीय स्थान हासिल किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा