देहरा में सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौत, एचआरटीसी की बस से टकराई बाइक

 


धर्मशाला, 07 मार्च (हि.स.)। कांगड़ा जीका के देहरा में राष्ट्रीय राजमार्ग-503 पर शनिवार को एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। निर्माणाधीन सेंट्रल यूनिवर्सिटी देहरा के नजदीक एक तेज रफ्तार बाइक की एचआरटीसी की बस से टक्कर हो गई, जिसमें बाइक सवार दोनों युवकों ने दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार दोनों युवक पल्सर एनएस-200 बाइक पर देहरा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे तुरंत सिविल अस्पताल देहरा पहुंचाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। मृतकों की पहचान देहरा क्षेत्र के कनोल और चनौर गांव के निवासी के रूप में हुई है, जिनकी उम्र लगभग 23 वर्ष बताई जा रही है।

बस चालक राकेश कुमार ने बताया कि वह होशियारपुर से धर्मशाला रूट पर चल रहा था। देहरा से लगभग तीन किलोमीटर आगे वह एक स्कूल बस को धीरे-धीरे पास कर रहा था, तभी सामने से तेज रफ्तार बाइक आई और सीधे बस से टकरा गई। सूचना पर देहरा पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर लगे जाम को खुलवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया