हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों में आई कमी, इस साल 1,457 हादसे

 

शिमला, 05 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार के सड़क सुरक्षा सुधार के निरंतर प्रयासों से प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। सरकार की नीतियों, निगरानी तंत्र और जनजागरूकता अभियानों के परिणामस्वरूप अब सड़कें पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित हो रही हैं और सैकड़ों अमूल्य जिंदगियां बचाई जा चुकी हैं।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2023 में प्रदेश में कुल 2,253 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई थीं। वर्ष 2024 में यह संख्या घटकर 2,147 रह गई, जबकि वर्ष 2025 में अब तक केवल 1,457 दुर्घटनाएं ही दर्ज की गई हैं।

प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने बुधवार को ये जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि और भी महत्वपूर्ण है क्योंकि वर्ष 2023 और वर्ष 2025 में राज्य को भारी भूस्खलन, बाढ़ और बादल फटने जैसी गंभीर प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ा। इन कठिन परिस्थितियों में भी राज्य सरकार ने सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत बनाए रखा और विभिन्न विभागों के समन्वय से हादसों को कम करने में सफलता पाई।

प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सड़क सुरक्षा को सरकार की प्राथमिकताओं में शीर्ष स्थान दिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सड़क सुरक्षा के हर पहलू पर ध्यान दिया जाए, ताकि न केवल दुर्घटनाओं की संख्या घटे बल्कि प्रत्येक नागरिक का जीवन सुरक्षित रहे।

उन्होंने कहा कि सरकार ने सड़क सुरक्षा में सुधार लाने के लिए बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन, सड़कों की मरम्मत, चेतावनी संकेतों की स्थापना और ड्राइवरों के लिए जागरूकता अभियानों पर विशेष ध्यान दिया है। सरकार का उद्देश्य हिमाचल को “सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में अग्रणी राज्य” बनाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा