रोहड़ू में नदी किनारे मिला 22 वर्षीय लापता युवक का शव
शिमला, 02 अक्टूबर (हि.स.)। शिमला जिले के रोहड़ू में न्यू बस स्टैंड के पास शिखड़ी खड्ड के किनारे शुक्रवार को एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान की। मृतक की पहचान सुशांत (22) पुत्र हरिवंश निवासी जगटान तहसील जुब्बल के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार सुशांत पिछले कुछ दिनों से लापता था। उसके लापता होने के संबंध में पुलिस थाना चिडग़ांव में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
शुक्रवार को रोहड़ू बाजार में न्यू बस स्टैंड के साथ शिखड़ी खड्ड के किनारे एक व्यक्ति के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव की पहचान की। पुलिस की तस्दीक में सामने आया कि शव लापता चल रहे सुशांत का है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता जांच और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद ही चल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा