मेले और मंदिर हमारी संस्कृति और धरोहर, इन्हें राजनीति से दूर रखना जरूरी : मुकेश अग्निहोत्री
मंडी, 24 सितंबर (हि.स.)। उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने वीरवार काे नाचन विधानसभा क्षेत्र के गोहर में आयोजित सात दिवसीय जिला स्तरीय नलवाड़ मेला ख्योड़ के समापन समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने मेले के समापन अवसर पर आयोजित शोभा यात्रा में भी भाग लिया। गोहर पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले और मंदिर हमारी संस्कृति, सभ्यता और धरोहर का हिस्सा हैं। इसका संबंध किसी एक राजनीतिक दल से नहीं है और न ही इन पर किसी पार्टी विशेष का प्रभुत्व हो सकता है। मेलों और मंदिरों से जुड़े आयोजनों को राजनीति से ऊपर रखना चाहिए।
उन्होंने समापन समारोह में आमंत्रित करने के लिए ग्राम पंचायत, मेला कमेटी तथा स्थानीय कांग्रेस नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें भी यहां आने से रोकने के प्रयास किए गए, लेकिन उनका स्पष्ट मत है कि मंदिरों और मेलों में राजनीति नहीं होनी चाहिए। यहां की पावन धरा पर देवी-देवताओं का वास है और निमंत्रण मिलने के बाद यहां न आना उचित नहीं होता। उन्होंने कहा कि हम मंदिरों में आस्था रखने वाले लोग हैं और जहां भी अवसर मिलता है, वहां जाकर देवी-देवताओं का आशीर्वाद अवश्य लेते हैं।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सभी को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इस तरह के आयोजनों में शामिल होना चाहिए। कभी मेले का संचालन एक दल के पास रहेगा तो कभी दूसरे दलों के पास जा सकता है, लेकिन समाज और संस्कृति से जुड़े इन आयोजनों की गरिमा और महत्व का सभी को ध्यान रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि गोहर में जिस आत्मीयता के साथ उनका स्वागत किया गया, उसके लिए वह क्षेत्र की जनता और ग्राम पंचायत के आभारी हैं।
उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि गोहर में बस अड्डे की आवश्यकता है। यदि बस अड्डे के लिए भूमि अभी अंतिम रूप से तय नहीं हुई है तो उन्होंने अधिकारियों को भूमि का चयन शीघ्र अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोहर में बस अड्डे का निर्माण निश्चित तौर पर किया जाएगा। स्थानीय लोगों की मांग पर गोहर क्षेत्र से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बिलासपुर और पीजीआई चंडीगढ़ के लिए बस सेवा भी शुरू की जाएगी।
उन्होंने नाचन विधानसभा क्षेत्र में पानी के कुनेक्शन, टैंकों तथा अन्य कार्यों से संबंधित बड़ी संख्या में प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निपटारे के लिए जल शक्ति विभाग को एक करोड़ रुपये उपलब्ध करवाने की घोषणा की।
उन्होंने ग्राम पंचायत को विभिन्न विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। इसके अलावा बासा कॉलेज में रिक्त पदों को भरने के लिए भी आवश्यक प्रयास करने की बात कही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा