शिमला में मानसून से पहले संवेदनशील स्थान चिन्हित करने के निर्देश
शिमला, 28 मार्च (हि.स.)। शिमला शहर में मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से निपटने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में शनिवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों को समय रहते जरूरी कदम उठाने को कहा गया।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने शिमला शहरी क्षेत्र के एसडीएम को निर्देश दिए कि शहर में आपदा की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों की पहचान जल्द की जाए, ताकि मानसून के दौरान होने वाले संभावित नुकसान को कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से ही जरूरी वस्तुओं के भंडारण की योजना तैयार की जाए।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि मानसून के दौरान शहर में होने वाले नुकसान को रोकने और उससे प्रभावी तरीके से निपटने के लिए सभी विभागों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और नगर निकायों को विशेष रूप से निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में नालियों की सफाई और पानी की निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखें, ताकि जलभराव और भूस्खलन जैसी समस्याओं से बचा जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि किसी भी आपदा की स्थिति में नुकसान की जानकारी तुरंत प्रशासन तक पहुंचाई जाए, ताकि राहत और बचाव कार्य समय पर शुरू किए जा सकें। साथ ही एसडीएम स्तर पर आवश्यक वस्तुओं के भंडारण और आपात व्यवस्था को लेकर विस्तृत योजना तैयार करने को कहा गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा