प्रदेश में खराब मौसम के दौरान उपायुक्त करेंगे स्कूल बंद करने का फैसला
शिमला, 10 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मानसून के दौरान लगातार हो रही बारिश के बीच राज्य सरकार ने स्कूलों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शुक्रवार को कहा है कि सभी जिलों के उपायुक्तों को अपने-अपने जिले में मौसम की स्थिति के अनुसार स्कूल खुले रखने या बंद करने का अधिकार दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार बच्चों की सुरक्षा को सबसे अधिक महत्व दे रही है और किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि जहां भारी बारिश, भूस्खलन या अन्य कारणों से छात्रों और शिक्षकों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका होगी, वहां संबंधित जिला उपायुक्त स्थानीय परिस्थितियों का आकलन कर स्कूलों को बंद रखने या खोलने का निर्णय ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था मानसून के दौरान लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर की गई है।
इसी व्यवस्था के तहत शुक्रवार को भारी बारिश के कारण सोलन और सिरमौर जिलों में स्कूल बंद रखने का फैसला संबंधित जिला प्रशासन ने लिया। सरकार का कहना है कि मौसम की स्थिति सामान्य होने पर आगे के निर्णय भी जिला प्रशासन स्थानीय हालात के अनुसार लेगा।
रोहित ठाकुर ने कहा कि मानसून को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सेब सीजन शुरू होने के साथ बड़ी संख्या में बागवानों की आवाजाही रहती है और प्रदेश में पर्यटक भी पहुंच रहे हैं। ऐसे में सड़कें बंद होने की स्थिति में उन्हें परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को बंद मार्गों को जल्द से जल्द बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार लगातार मौसम की स्थिति पर नजर रखे हुए है और जरूरत पड़ने पर जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा