राजस्व अधिकारियों की बैठक में दिए लंबित मामलों के समयबद्ध निपटारे के निर्देश
मंडी, 19 अगस्त (हि.स.)। उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में राजस्व अधिकारियों की बैठक का आयोजन जिला परिषद कार्यालय मंडी के कॉन्फ्रेंस कक्ष में किया गया। बैठक में उपायुक्त ने जिला मंडी के राजस्व अधिकारियों द्वारा 11 जुलाई से 14 अगस्त की अवधि में निपटाए गए राजस्व अदालत मामलों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान पाया गया कि प्रभावी अवधि के दौरान जिला के सभी तहसील एवं उप तहसील कार्यालयों में तकसीम के 353, निशानदेही के 394 जिसमे एवं राजस्व दुरुस्ती के 172 मामलों का निपटारा किया गया। इसके अतिरिक्त प्रभावी अवधि के दौरान 3,615 इंतकाल भी किए गए।
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने विशेष रूप से सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए की एक वर्ष या उससे अधिक समय से लंबित तकसीम, निशानदेही एवं राजस्व दुरुस्ती से संबंधित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए।
इस अवसर पर स्वामित्व के कार्य में जिला भर की प्रगति की समीक्षा भी की गई एवं सभी तहसील एवं उप-तहसील कार्यालयों को निर्देश दिए गए की स्वामित्व का कार्य समयबद्ध ढंग से निपटाया जाए। जिला में पटवारखाना निर्माण से संबंधित प्रगति की भी समीक्षा की गई एवं सभी निर्माण कार्यों को समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री सेवा संकल्प एवं सामान्य शिकायत, विशेष राहत पैकेज, देवी-देवता भूमि आबंटन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दो पर चर्चा की गई एवं दिशा-निर्देश दिए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा