डीएवी पब्लिक स्कूल, मंडी में दो दिवसीय मॉडल यूनाइटेड नेशंस कार्यक्रम

 


मंडी, 27 जून (हि.स.)। डीएवी पब्लिक स्कूल, मंडी में दो दिवसीय मॉडल यूनाइटेड नेशंस कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडी अभिमन्यु वर्मा तथा रोटरी क्लब छोटी काशी, मंडी के प्रतिनिधियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। विद्यालय के समन्वयक एवं अन्य गणमान्य अतिथि भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

मॉडल यूनाइटेड नेशंस विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक पहल है। इस आयोजन का संचालन विद्यालय के वर्तमान एवं पूर्व विद्यार्थियों एलुमनाई द्वारा किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संयुक्त राष्ट्र संघ की कार्यप्रणाली, वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श तथा नेतृत्व एवं कूटनीतिक कौशल से परिचित कराना है। इसके अंतर्गत विभिन्न विषयों पर आधारित अलग-अलग समितियों कमेटियों का गठन किया गया है, जहां प्रतिभागी प्रतिनिधि के रूप में अपने विचार प्रस्तुत करेंगे तथा समसामयिक वैश्विक चुनौतियों के समाधान खोजने का प्रयास करेंगे।

विद्यालय के प्रधानाचार्य के. एस. गुलेरिया ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को संवाद, तर्क-वितर्क, नेतृत्व क्षमता, आलोचनात्मक चिंतन तथा वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि हमारा ध्येय ऐसे जागरूक, संवेदनशील और उत्तरदायी युवाओं का निर्माण करना है, जो विश्व कल्याण एवं समाज के सर्वांगीण विकास में अपना उत्कृष्ट योगदान दे सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा