91 वर्ष के हुए तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा, मैक्लोडगंज में केक काटकर मनाया गया जन्मदिन

 


धर्मशाला, 06 जुलाई (हि.स.)। तिब्बती धर्मगुरु 14वें दलाई लामा का 91वां जन्मदिन मैक्लोडगंज स्थित मुख्य बौद्ध मठ चुगलाखांग में पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर केंद्रीय तिब्बती प्रशासन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में केक काटा गया। इस मौके पर जिलाधीश कांगड़ा हेम राज बैरवा बतौर मुख्यातिथि रहे।

चुगलाखांग मठ के परिसर में निर्वासित तिब्बती लोगों ने बड़ी संख्या में अपनी मौजूदगी जताते हुए दलाई लामा की लंबी आयु और उनके बेहतर स्वास्थ्य को लेकर प्रार्थना की। हालांकि धर्मगुरु इन दिनों लेह-लद्धाख के दौरे पर हैं और उनके जन्मदिन पर वहां कई कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है।

उधर सोमवार सुबह मैक्लोडगंज में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत तिब्बती और भारतीय राष्ट्रगान के साथ हुई और फिर जन्मदिन का केक काटा गया। तिब्बती कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और निर्वासित नेताओं ने आधिकारिक भाषण दिए। मुख्य तिब्बती मंदिर, चुगलाखांग में लगभग तीन से चार हज़ार निर्वासित तिब्बती, जिनमें कुछ स्थानीय भारतीय मित्र और विदेशी समर्थक भी शामिल थे, इकट्ठा हुए थे।

कांगड़ा के ज़िलाधीश हेमराज बैरवा मुख्य अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी प्रतिभागी यहां पंहुचकर खुद को सौभाग्यशाली और खुश महसूस कर रहे थे। दलाई लामा खुद लद्दाख में अपने जन्मदिन के समारोह में शामिल हुए। तेनज़िन और डोलमा नाम की तिब्बती महिलाओं ने कहा कि हम सभी यहां परम पावन दलाई लामा का 91वां जन्मदिन मनाने के लिए इकट्ठा हुए हैं और हम सभी बहुत खुश हैं। हम उनके स्वस्थ और लंबे जीवन की कामना करते हैं। विदेशी अनुयायियों ने भी दलाई लामा के जन्मदिन पर उनकी लंबी आयु के लिए प्रार्थना की।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया