कानून और संविधान की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है: पुरेंद्र वैद्य
मंडी, 24 मार्च (हि.स.)। जिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान आईटीआई मंडी में एक दिवसीय उपभोक्ता अधिकार एवं साइबर क्राइम जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर हिमाचल प्रदेश उपभोक्ता मंच मंडी तथा आईटीआई मंडी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग के अध्यक्ष पुरेंद्र वैद्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान में उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी और युवाओं का जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कानून और संविधान की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है, जिससे समाज में नियम और व्यवस्था कायम रहती है तथा सभी धर्मों और वर्गों के लोग सम्मानपूर्वक जीवन-यापन कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं को मौलिक अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहने का संदेश भी दिया।
विशेष अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, साइबर क्राइम, सेंट्रल रेंज मंडी मनमोहन सिंह ने साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आज के डिजिटल युग में ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिनसे बचने के लिए सतर्कता और जागरूकता बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम में प्रदेश उपभोक्ता संघ के प्रधान विनोद कुमार, अधिवक्ता आकाश शर्मा पूर्व सदस्य, जिला उपभोक्ता मंच मंडी, पूर्व अध्यक्ष बार एसोसिएशन नीरज कपूर, अधिवक्ता ललित ठाकुर, उपभोक्ता संघ के सचिव अधिवक्ता मनवीर पठानिया तथा अधिवक्ता कुमारी स्नेहा ने प्रशिक्षुओं को उपभोक्ता अधिकारों, शिकायत निवारण प्रणाली एवं साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
उन्होंने युवाओं को किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी होने पर तुरंत संबंधित विभाग में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। यह कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश उपभोक्ता मंच मंडी द्वारा आईटीआई मंडी के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक उपभोक्ता अधिकारों एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना है। इस अवसर पर आईटीआई के प्रधानाचार्य अजेश कुमार, संस्थान का स्टाफ, प्रशिक्षु तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा