शिलाई में फार्मेसी ऑफिसर के साथ मारपीट, रास्ते में रोककर हमला करने वाले दो युवकों पर मामला दर्ज
नाहन, 09 सितंबर (हि.स.)। पुलिस थाना शिलाई के अंतर्गत अस्पताल में तैनात एक फार्मेसी ऑफिसर के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते मंगलवार नवनीत ठाकुर (निवासी गांव बडाल, डाकघर गोपालपुर, तहसील सरकाघाट, जिला मंडी), जो वर्तमान में शिलाई अस्पताल में फार्मेसी ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं, ने पुलिस थाना शिलाई में शिकायत दर्ज करवाई।शिकायतकर्ता ने बताया कि 8 सितंबर को अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद वह रात करीब 8 बजे अपने साथी रवि कुमार के साथ मून लाइट होटल में खाना खाने गए थे। खाना खाने के उपरांत रात करीब 9 बजे जब वे दोनों वापस अपने कमरे की ओर लौट रहे थे, तो रास्ते में दो युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। इनमें से एक युवक की पहचान पंकज (निवासी गांव शिलाई) के रूप में हुई है।
पीड़ित का आरोप है कि दोनों युवकों ने बिना किसी कारण के उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में फार्मेसी ऑफिसर के सिर पर चोट आई है। पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना को लेकर आगामी तफ्तीश जारी है और नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर