नाहन में सड़कों पर पशु छोड़ने वालों की अब खैर नहीं, अब सीधे दर्ज होगा मुकदमा

 

नाहन, 30 मार्च (हि.स.)। जिला मुख्यालय नाहन की सड़कों पर बढ़ती बेसहारा पशुओं की संख्या और उससे होने वाली परेशानियों को देखते हुए प्रशासन अब आर-पार के मूड में है। सड़कों पर पशु छोड़ने वाले गैर-जिम्मेदार मालिकों के खिलाफ अब न केवल सख्ती बरती जाएगी, बल्कि उनके खिलाफ आपराधिक मामला भी दर्ज करने की तैयारी कर ली गई है।

एसडीएम नाहन राजीव संख्यान ने इस गंभीर समस्या पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि नगर परिषद, पुलिस और पशुपालन विभाग को स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सड़कों पर घूम रहे जिन पशुओं पर ‘टैग’ लगे हैं, उनके जरिए उनके मालिकों की पहचान की जाएगी। पहचान होने के बाद पशु क्रूरता अधिनियम के तहत संबंधित मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन केवल सख्ती ही नहीं, बल्कि समाधान पर भी काम कर रहा है। एसडीएम ने जानकारी दी कि त्रिलोकपुर में माता बाला सुंदरी मंदिर न्यास के सहयोग से करीब 15 बीघा भूमि पर एक भव्य गौशाला का निर्माण किया जा रहा है। प्रथम चरण में यहाँ 250 पशुओं को रखने की उचित व्यवस्था होगी और आने वाले समय में इस गौशाला की क्षमता को बढ़ाकर 1000 पशुओं तक किया जाएगा।

एसडीएम ने बताया कि प्रशासन इस समस्या को लेकर लंबे समय से गंभीर है और पिछले वर्ष भी बड़ी संख्या में बेसहारा पशुओं को विभिन्न गौशालाओं में सुरक्षित पहुंचाया गया था। अब नए निर्माण और सख्त कानूनी प्रावधानों के साथ शहर को इस समस्या से पूरी तरह मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर