शिमला : तीन घरों से 8 किलो चरस बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

 


शिमला, 23 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के तहत शिमला पुलिस ने ठियोग क्षेत्र के बहानी गांव में एक साथ तीन घरों में छापेमारी कर 8 किलोग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान एक घर से 1.05 लाख रुपये से अधिक नकदी और वजन करने वाली मशीन भी बरामद हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई सोमवार तड़के खुफिया सूचनाओं के आधार पर की गई। थाना ठियोग क्षेत्र के बहानी गांव में तीन अलग-अलग घरों को चिन्हित कर पुलिस टीमों ने एक साथ दबिश दी। पहले ठिकाने पर श्याम सिंह पुत्र स्वर्गीय हीरा सिंह के घर की तलाशी में 1.7 किलोग्राम चरस बरामद हुई। दूसरे ठिकाने पर लक्ष्मी नंद पुत्र स्वर्गीय हेत राम के घर से करीब 900 ग्राम चरस मिली। तीसरे ठिकाने पर हरि वल्लभ पुत्र स्वर्गीय दिला राम के घर से 5.5 किलोग्राम चरस के साथ 1,05,690 रुपये नकद और एक वजन मशीन बरामद की गई। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने तीनों मामलों में थाना ठियोग में अभियोग संख्या 179/26, 180/26 और 181/26 दर्ज किए हैं। ये मामले 22 नवंबर 2026 को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20 के तहत दर्ज किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों मामलों में आगे की जांच जारी है। जांच के दौरान चरस के स्रोत, इसके संभावित खरीदारों और नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

तीन वर्षों के कुल मामलों से आगे निकला 2026 का आंकड़ा

शिमला पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक कमर्शियल मात्रा के नशे से जुड़े 27 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इसके मुकाबले वर्ष 2025 में ऐसे छह, वर्ष 2024 में 14 और वर्ष 2023 में छह मामले दर्ज हुए थे। इस तरह पिछले तीन वर्षों में कमर्शियल मात्रा के कुल 26 मामले दर्ज हुए थे, जबकि अकेले वर्ष 2026 में यह संख्या 27 तक पहुंच गई है।

एससपी शिमला गौरव सिंह ने सोमवार को बताया कि इस वर्ष नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की रणनीति में बदलाव किया गया है। अब बड़े तस्करों और उनके नेटवर्क को निशाने पर रखकर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, इसी रणनीति के तहत बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों का पता लगाया गया है। पुलिस ने दावा किया है कि इन कार्रवाइयों से शिमला में युवाओं तक चिट्टे की आपूर्ति में कमी आई है और नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क को तोड़ने में सफलता मिली है।

उन्होंने कहा है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों और उनके ठिकानों पर नजर रखी जा रही है। ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा