मंडी : कॉलेज छात्रा ने फंदा लगाकर दी जान, कमरे में लटका मिला शव

 

मंडी, 19 अप्रैल (हि.स.)। मंडी जिला मुख्यालय के जेलरोड स्थित कुसुम थिएटर के पास एक किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई कर रही कॉलेज छात्रा द्वारा आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलने के बाद शहर में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान धर्मपुर क्षेत्र की निवासी के रूप में हुई है, जो मंडी शहर में किराए का कमरा लेकर मंडी कॉलेज की शिक्षा ग्रहण कर रही थी। सूचना मिलते ही डीएसपी मुख्यालय दिनेश कुमार और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना का खुलासा तब हुआ जब छात्रा के मामा ने उसे साथ कहीं जाने के लिए बार-बार फोन किया, लेकिन छात्रा की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर मामा ने छात्रा की एक सहेली का नंबर हासिल किया और उसे कमरे पर जाकर देखने को कहा। जब सहेली कमरे में पहुंची, तो वहां का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए, छात्रा फंदे से झूल रही थी। स्थानीय वार्ड के पूर्व पार्षद हरदीप सिंह राजा ने बताया कि परिजनों के संपर्क न हो पाने के कारण ही सहेली को मौके पर भेजा गया था, जिसके बाद इस दुखद वारदात का पता चला। पुलिस प्रशासन इस मामले में हर पहलू को गंभीरता से खंगाल रहा है। एएसपी अभिमन्यु वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है और मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद होने की भी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अब छात्रा के परिजनों के आने का इंतज़ार कर रही है ताकि उनके बयानों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा सके। फॉरेंसिक साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स के माध्यम से पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्रा ने इतना आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में उठाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा