मंडी के लडभड़ोल में भीषण सड़क हादसा : खाई में गिरी गाड़ी, 6 युवकों की मौत
मंडी, 18 नवंबर (हि.स.)। मंडी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने छह परिवारों की खुशियां छीन लीं। जिला के जोगिंदरनगर उपमंडल के लडभड़ोल क्षेत्र में बीती रात हुए हादसे में छह युवकों की मौत हो गई। हैरानी की बात यह है कि हादसा रात को हुआ, लेकिन इसकी जानकारी भबुधवार दोपहर को सामने आई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों में अधिकतर नाबालिग बताए जा रहे हैं। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रारंभिक तौर पर मिली जानकारी के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान यश राय पुत्र रामलाल निवासी गांव सिमस, आयुष पुत्र विनोद कुमार निवासी गांव सिमस, पंकज पुत्र पराक्रम सिंह निवासी गांव गवाला, आदित्य पुत्र अजय कुमार निवासी गांव बलोटू, अर्नव पुत्र नरेंद्र कुमार निवासी गांव गवाला तथा नूजू पुत्र नवीन राय निवासी गांव सिमस के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण रहे, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
डीएसपी पधर लोकेन्द्र नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए छह युवकों की मौत की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। एक ही हादसे में छह युवकों की मौत से लडभड़ोल और आसपास के गांवों में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मुख्यमंत्री ने मंडी जिला में सड़क दुर्घटना में छह लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मंडी जिला के जोगिन्द्रनगर उपमंडल के लडभड़ोल में हुई सड़क दुर्घटना में छह लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार शोक संतप्त परिजनों के साथ खड़ी है। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा