नालागढ़ में आसमानी बिजली गिरने से दो व्यक्ति हुए घायल, बकरे की हुई मौत

 

सोलन, 13 अगस्त (हि.स.)। सोलन जिले के अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में वीरवार को बर्फानी चौंक के पास अचानक आसमानी बिजली गिरने से दो व्यक्ति हुए घायल हो गए, जबकि वहां मौजूद एक बकरी की आसमानी बिजली गिरने से मौत हो गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 4 : 20 बजे नालागढ़ में तेज बारिश शुरू हुई । साथ ही आसमानी भयंकर गड़गड़ाहट की आवाज़ के साथ ही सड़क पर बिजली गिरी । बर्फानी चौंक पास खड़े दो व्यक्तियों के पैरों के पास ही गिरी बिजली के कारण दोनों ही बुरी तरह घायल होकर बेहोश हो गए। इसके समीप ही खड़े बकरे पर भी यह बिजली गिरी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई । जैसे ही यह नजारा वहां खड़े लोगों ने देखा तो उनकी रूह कांप गई । हिम्मत जुटाकर लोगों ने दोनों घायलों को उठाकर आस पास नालागढ़ अस्पताल पहुंचाया जहाँ उनकी हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है।

दोनों व्यक्तियों के पैर गंभीर रूप से जल गए बताए गए हैं। समाचार लिखे जाने तक दोनों घायलों की पहचान की पुष्टि नहीं हो पाई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा