मंडी के कमांद की चढ़ाई पर चलती कार में लगी आग, मौके पर मची अफरा-तफरी
मंडी, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मंडी कुल्लू वाया आइआइटी कमांद कटौला मार्ग पर कमांद से मंडी की ओर जाने वाले सड़क की चढ़ाई पर एक चलती हुई कार में अचानक आग लग गई। चालक ने होशियारी से काम लिया और कार को तुरंत रोक कर सभी सवारियाें को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद टैक्सी पूरी तरह से धूं-धूं कर जल गई। मंडी से फायर बिग्रेड भी मौका पर पहुंची और कार की आग को पूरी तरह शांत कर दिया मगर तब तक यह महज जला हुआ पिंजर बन चुका था।
फायर बिग्रेड की टीम में प्रदीप ठाकुर, धर्मेंद्र कुमार व गृह रक्षक बसंत सिंह थे जिन्होंने पूरी तरह से टैक्सी की आग को बुझाया। दमकल विभाग के अनुसार यह रिनॉल्ट कंपनी की ट्राईबर टैक्सी एचपी 01 एम-7074 थी, जो कुल्लू की ओर से मंडी आ रही थी। कटिंडी के पास उतराई में इसने अचानक आग पकड़ ली। उस समय कार में 7 सवारियां थी। कार मंडी के पैलेस कालोनी निवासी अंकित की थी जिसे उस वक्त उसका भाई राहुल चला रहा था। राहुल ने समझदारी दिखाते हुए टैक्सी को रोक कर तुरंत सवारियां को सुरक्षित बाहर निकाल दिया। कार पूरी तरह से तबाह हो गई। लगभग 11 लाख का नुकसान इस आगजनी में आंका गया है। ऐसा माना जा रहा है कि आइआइटी कमांद के आगे कटिंडी तक जो चढ़ाई है उसमें टैक्सी गर्म हो जाने के चलते यह हादसा हुआ है। असली कारण तो जांच के बाद ही सामने आएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा