फेंसिंग में करंट लगने से गाय की मौत, खेत मालिक के खिलाफ मामला दर्ज

 

नाहन, 22 अक्टूबर (हि.स.)। सिरमौर जिले के नाहन क्षेत्र में खेत की फेंसिंग में कथित तौर पर छोड़े गए बिजली के करंट की चपेट में आने से एक गाय की मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार 21 अक्टूबर को पुलिस थाना नाहन में रघुबीर सिंह निवासी गांव रामपुर, डाकघर कोलावाला भूड़, तहसील नाहन, जिला सिरमौर ने शिकायत दर्ज करवाई। शिकायतकर्ता के अनुसार 20 अक्टूबर को शाम करीब 4:30 बजे वह अपनी गाय को घास चराने के लिए ले जा रहा था। इसी दौरान उसकी गाय जमीन के पास स्थित राजेश कुमार के खेत में घास चर रही थी। आरोप है कि खेत में लगी फेंसिंग में जानबूझकर बिजली का करंट छोड़ा गया था। करंट लगने से गाय मौके पर ही गिर गई और उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाया गया, जिसने गाय को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों की मौजूदगी में मृत गाय का पोस्टमार्टम करवाया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर