संविधान दिवस पर समीरपुर में डॉ. अंबेडकर को श्रद्धांजलि, धूमल ने किया नमन
हमीरपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर द्वारा समीरपुर में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने डॉ. अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर संविधान निर्माण में उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर की अगुवाई में आयोजित हुआ। इसमें पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान, कमलेश कुमारी, जिला परिषद सदस्य, भोरंज विधानसभा प्रभारी सुशील ठाकुर, भाजपा भोरंज मंडल अध्यक्ष अशोक ठाकुर, समीरपुर मंडल अध्यक्ष अभयवीर लवली सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रो. धूमल ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। डॉ. अंबेडकर संविधान की प्रारूप समिति के अध्यक्ष और इसके प्रमुख शिल्पकार रहे। उनका जीवन सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि लोकतंत्र, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का आधार है। प्रत्येक नागरिक को मौलिक अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का भी पालन करना चाहिए। संविधान की भावना का अनुसरण करना ही डॉ. अंबेडकर को सच्ची श्रद्धांजलि है।
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा