विनय कुमार ने अंबेडकर जयंती पर दी शुभकामनाएं, 16 को कांग्रेस की आम बैठक
शिमला, 13 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने भारत रत्न डॉ. बी. आर. अंबेडकर की जयंती पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि डॉ. अंबेडकर ने देश की एकता और अखंडता का मार्ग प्रशस्त करते हुए संविधान में नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों को स्थापित किया। उनके बताए मार्ग पर चलते हुए सभी को देश और प्रदेश के नव निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने संविधान निर्माण में बाबा साहब के योगदान को नमन करते हुए कहा कि देश उन्हें हमेशा आदर के साथ याद रखेगा।
इधर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी की आम सभा (जनरल हाउस) की पहली बैठक 16 अप्रैल को राजीव भवन शिमला में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता विनय कुमार करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री विनोद जिंटा ने बैठक की तैयारियों का जायजा लेते हुए वरिष्ठ नेताओं के साथ विचार-विमर्श कर कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया। उन्होंने बताया कि बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश मामलों की प्रभारी सांसद रजनी पाटिल, सह प्रभारी चेतन चौहान और विदित चौधरी विशेष रूप से शामिल होंगे।
बैठक में प्रदेश मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, पीसीसी कार्यकारिणी, जिला अध्यक्षों और अग्रणी संगठनों के प्रदेश प्रमुखों को आमंत्रित किया गया है। जिंटा ने बताया कि दो सत्रों में होने वाली इस बैठक के पहले सत्र में संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी, जबकि दूसरे सत्र में प्रदेश के राजनीतिक हालात पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कार्यकारिणी गठन के बाद यह पीसीसी की पहली जनरल हाउस बैठक है, जिसमें कांग्रेस की भावी रणनीति और संगठन की सक्रियता को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला